बंधवाड़ी टोल के पास लोहे से भरा ट्रक पलटा, हाईवे पर बिखरा सामान; चालक घायल

लोडिंग में लापरवाही बनी हादसे की वजह, पुलिस ने राहत कार्य पूरा कर शुरू की जांच

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के बंधवाड़ी टोल के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहे की प्लेटों और भारी लोहे के रोल से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक ओमप्रकाश घायल हो गया, जबकि ट्रक में भरा पूरा सामान सड़क पर बिखर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक फरीदाबाद से गुरुग्राम की ओर जा रहा था। रात करीब 12:30 बजे बंधवाड़ी टोल पार करने के बाद जैसे ही ट्रक एक मोड़ पर पहुंचा, ऊपर रखा भारी लोहे का रोल और अन्य सामान एक तरफ खिसक गया। अचानक पूरा वजन एक ओर आ जाने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए ट्रक चालक ओमप्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में चालक के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।

घायल चालक ने बताया कि ट्रक में लदे लोहे के सामान को सही तरीके से बांधा नहीं गया था। मोड़ पर वाहन मुड़ते ही पूरा माल एक तरफ खिसक गया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।

घटना के बाद मजदूरों की मदद से हाईवे पर बिखरे लोहे के सामान को हटाया गया और दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया गया। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह माल की असंतुलित लोडिंग और उसे सुरक्षित तरीके से नहीं बांधना माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button