APK फाइल से फोन हैक कर ₹1.01 लाख की साइबर ठगी, मोहाली से दो आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई, फर्जी खातों के जरिए ट्रांसफर की गई थी रकम; दोनों आरोपियों को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
भावना कौशिश,फरीदाबाद। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने फोन हैक कर ₹1.01 लाख की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमन (21), निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) और दिलखुश बिश्नोई (26), निवासी जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सबसे पहले चार अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। इनमें से एक प्रथम लेयर खाते में ₹50 हजार जमा हुए थे। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अमन ने लक्की के माध्यम से खाताधारक गौतम का बैंक खाता लेकर दिलखुश को उपलब्ध कराया था। दोनों आरोपी टेलीग्राम के जरिए संपर्क में रहते थे। पुलिस के अनुसार दोनों 12वीं पास हैं और बेरोजगार हैं। मामले में खाताधारक गौतम और लक्की को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मोहाली में भी साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
मामले की शुरुआत सेक्टर-20बी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से हुई। पीड़ित ने बताया कि 17 मई को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड हो गई, जिससे फोन हैक हो गया। इसके बाद अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के जरिए उसके बैंक खाते से ₹1.01 लाख निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर 19 जून को साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।




