फरीदाबाद में दो मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, मास्टर चाबियां बरामद

क्राइम ब्रांच NIT की कार्रवाई, चोरी की वारदात में शामिल दोनों आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर

भावना कौशिश,फरीदाबाद। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लॉक खोलने में इस्तेमाल होने वाली दो मास्टर चाबियां बरामद की हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय फेसल निवासी पुन्हाना, नूंह और 20 वर्षीय मोनिश निवासी डबुआ, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आपस में दोस्त हैं और 10 मई को डबुआ कॉलोनी बी-ब्लॉक क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात में शामिल थे।

मामले की शुरुआत तब हुई जब डबुआ कॉलोनी निवासी जयनंद ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 मई को वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने डबुआ कॉलोनी बी-ब्लॉक गए थे। जब वह घर से बाहर लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। इसके बाद थाना डबुआ में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरी की वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फेसल के खिलाफ पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज हैं, जबकि मोनिश पर भी एक मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं और चोरी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button