JDU ने जताया ऐतराज तो BJP बोली- यह लालू यादव और राजद की साजिश, चंद्रशेखर के बयान पर गरमाई सियासत

अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले राजद कोटे से बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर ने एक बार फिर बयान देकर राजनीति में भूचाल मचा दिया है। रोहतास के डेहरी में एक कार्यक्रम में पहुंचे जहां फते बहादुर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि मंदिर का रास्ता गुलामी का रस्ता होता है। जबकि स्कूल का रास्ता प्रकाश का रास्ता दिखाता है।

बिहार के शिक्षा मंत्री की मत मारी गई है- भाजपा
वहीं चंद्रशेखर के बयान पर महागठबंधन की सहयोगी पार्टी जदयू ने भी ऐतराज जताया है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि ये लोग ऐसी बातें सिर्फ टीआरपी के लिए बोलते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग ऐलान करें कि अपने क्षेत्र में सरस्वती पूजा के दिन नहीं निकलेंगे। जदयू के बाद अब बीजेपी ने भी चंद्रशेखर और आरजेडी पर हमला बोला है। बिहार सरकार में पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नितिन नवीन ने कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री की मत मारी गई है। उन्हें शिक्षा से कोई लेना देना नहीं है और न ही उन्हें कोई भारतीय संस्कृति और परंपराओं से लेना-देना है। उनके द्वारा दिया जा रहा बयान लालू प्रसाद यादव और राजद की साजिश है। उनके द्वारा दिया जा रहा यह बयान मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करता है। ऐसे में मेरा साफ कहना है कि तेजस्वी यादव जी यदि आपका मुस्लिम परंपराओं में इतना ही विश्वास है तो आप जाकर मस्जिदों में माथा टेकिए, कुरान पढ़िए।

बता दें कि जैसे-जैसे अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का दिन नजदीक आ रहा है वैसे ही बिहार में राजद नेता अपने बयानों से हिन्दू आस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या अपने बयानों के जरिए राजद अपने कोर वोटों को धुर्वीकरण करने में सफल हो पाता है या नहीं।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button