यमुना का जलस्तर बढ़ा…केजरीवाल ने बुलाई हाईलेवल बैठक, दिल्ली में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली में लगातार दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने केजरीवाल सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए सोमवार को एक हाईलेवल बैठक बुलाई है। केजरीवाल शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने और यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के संबंध में सोमवार को बैठक करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी। इसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 153 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ने के बाद दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी।

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, शाम चार बजे 1,05,453 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था और यह पहली चेतावनी है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के बाढ़ निगरानी पोर्टल के अनुसार, दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और मंगलवार को इसके खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की आशंका है। ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर रविवार अपराह्न एक बजे 203.18 मीटर था, जबकि खतरे का स्तर 204.5 मीटर है। CWC के अनुसार, मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे के बीच जलस्तर 205.5 मीटर तक बढ़ने की आशंका है।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button