फरीदाबाद में MDMA के साथ युवक गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

सेक्टर-76 से 1.73 ग्राम एमडीएमए बरामद, आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर

भावना कौशिश, फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.73 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अनिल रावत निवासी हाउसिंग बोर्ड, बीपीटीपी फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 29 मई को गश्त के दौरान क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सेक्टर-76 बीपीटीपी क्षेत्र से आरोपी अनिल रावत को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.73 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना बीपीटीपी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीला पदार्थ दिल्ली के ओखला क्षेत्र से लगभग 3,000 रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस के अनुसार आरोपी निजी नौकरी करता है।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button