चोरी की 2 मोटरसाइकिल बरामद, 2 वाहन चोर गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं की कार्रवाई, आरोपियों को कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 जून को थाना पल्ला में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने आरोपी साजिद (33), निवासी बड़खल को सेक्टर-37 बाईपास रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
वहीं, एक अन्य मामले में एवीटीएस भूपानी की टीम ने थाना सराय ख्वाजा में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखदेव (33), निवासी श्रीगंगानगर, राजस्थान को भूपानी रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है और ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।



