जबालिया में 33 लोगों की गई जान, याह्या सिनवार की मौत के बाद गाजा पर इजरायली सेना ने तेज किया हमला

काहिराः हमास चीफ याह्या सिनवार की मौत के बाद इजरायली सेना ने गाजा में हमले को तेज कर दिया है। फिलिस्तीनी चिकित्सकों का कहना है कि गाजा के जबालिया शरणार्थी शिविर में इजरायल के ताजा हमलों में 33 लोग मारे गए हैं। वहीं गाजा अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को पूरे गाजा में आईडीएफ के हमले में कम से कम 72 लोग मारे गए। गाजा निवासियों का कहना है कि इज़रायली सेना ने उत्तरी गाजा कस्बों को अलग-थलग कर दिया है। उत्तरी गाजा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने चिकित्सा आपूर्ति की अपील की है।
इज़रायली सेना का कहना है कि उसके लड़ाकों ने गुरुवार को गाजा में दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया था। अब वह अपने अभियान को और तेजी से आगे बढ़ा रही है। गाजा के आठ ऐतिहासिक शरणार्थी शिविरों में से सबसे बड़े जबालिया कैंप में शुक्रवार को कई घरों पर इजरायल ने भीषण हमला किया। चिकित्सकों ने कहा कि इन हमलों में कम से कम 33 लोग मारे गए और 85 घायल हो गए। वहीं गाजा निवासियों ने कहा कि इजरायली टैंकों ने गोलाबारी करके सड़कों और घरों को उड़ा दिया।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
हमास द्वारा संचालित गाजा सरकार के मीडिया कार्यालय ने कहा कि हमलों से मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। क्योंकि माना जाता है कि कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। फिलिस्तीनी आधिकारिक समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएफए ने कहा कि मारे गए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। इजरायली की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है। जबालिया के निवासियों ने कहा कि इजरायली टैंक उपनगरों और आवासीय जिलों से होते हुए शिविर के मध्य तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना रोजाना दर्जनों घरों को हवा और जमीन से नष्ट कर रही है। साथ ही इमारतों में बम रखकर और फिर उन्हें दूर से विस्फोट करके उड़ा दे रही है। निवासियों ने कहा कि उन्होंने कहा कि संचार और इंटरनेट सेवाएं काट दी गई हैं, जिससे बचाव अभियान बाधित हो गया है।
NEWS SOURCE Credit : indiatv




