रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन की पहल से बुआपुर स्कूल में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार
करीब 7 लाख रुपये की सहायता से आधुनिक टॉयलेट, कंप्यूटर लैब, शैक्षणिक सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने जताया आभार
भावना कौशिश, फरीदाबाद | बुआपुर गांव स्थित सरकारी विद्यालय में रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन की ओर से विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान विद्यालय को लगभग सात लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिसके तहत बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टॉयलेट्स, कंप्यूटर लैब, माइक, स्पीकर, शूज, कॉपियां तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाई गई।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच गिरधारी जी, रोटरी क्लब के डीजी धीरज भूटानी, विनय रस्तोगी, महेंद्र सराफ, एच.के. गोयल, नवीन गुप्ता, शैलेंद्र, सामाजिक कार्यकर्ता समरवीर आर्य तथा विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर दीपक यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की सहायता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष सौरभ मित्तल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है ताकि वे आधुनिक शिक्षा से जुड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
मंच का संचालन करते हुए दीपक यादव ने शिक्षा को समाज को मजबूत बनाने का सबसे बड़ा माध्यम बताया और कहा कि रोटरी क्लब आगे भी इसी तरह सामाजिक सेवा के कार्य करता रहेगा।
विद्यालय के प्रिंसिपल कृष्ण कुमार और ग्रामीणों ने क्लब का आभार व्यक्त किया। सरपंच गिरधारी जी ने कहा कि इस सहायता से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उनके तकनीकी कौशल को बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से उनकी पढ़ाई और अधिक आसान व रोचक बनेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और बच्चों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।




