वाहन चोरी के मामले में एक गिरफ्तार, चोरीशुदा ऑटो बरामद
अपराध शाखा AVTS सिकरोना की कार्रवाई, नशे की लत के चलते आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरीशुदा ऑटो बरामद करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की उर्फ पुग्गा निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसजीएम नगर निवासी वीर पाठक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मई को वह सेक्टर-24 स्थित CNG पंप पर ऑटो में गैस भरवाने गया था। गैस भरवाने के बाद वह ऑटो को साइड में खड़ा कर बाथरूम चला गया। वापस लौटने पर उसका ऑटो मौके से गायब मिला। जिसके बाद थाना एसजीएम नगर में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने आरोपी विक्की उर्फ पुग्गा को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से चोरीशुदा ऑटो बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है। शिकायतकर्ता के बाथरूम जाने के दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर ऑटो चोरी कर लिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




