ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को मिला सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का समर्थन

“स्थाई काम के लिए अस्थाई कर्मचारी क्यों?” — नरेश कुमार शास्त्री ने सरकार पर साधा निशाना, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

भावना कौशिश,फरीदाबाद, 19 मई। सेक्टर-12 में जारी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के पांचवें दिन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने धरना स्थल पहुंचकर कर्मचारियों को संबोधित किया और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का संघर्ष समानता और न्याय की लड़ाई है। शास्त्री ने पूर्ववर्ती और मौजूदा सरकारों को कर्मचारियों को अस्थाई बनाए रखने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाया कि जब काम स्थाई है तो कर्मचारियों को पक्का क्यों नहीं किया जा रहा।

उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी जीत निश्चित है और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के सभी विभागीय कर्मचारी इस संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

शास्त्री ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी 15 मई से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार अभी तक आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रही। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद कर्मचारियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

सभा को नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य डिप्टी जनरल सेक्रेटरी सुनील चंडालिया, जिला प्रधान दलीप बोहत, जिला सचिव अनिल चंडालिया, नगर निगम सफाई कर्मचारी प्रधान बलवीर बालगुहेर, कोषाध्यक्ष रघुवीर चौटाला सहित कई कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया।

सीटू नेता वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा 31 दिसंबर 2025 को दिए गए फैसले को लागू करते हुए सभी कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई।

सभा की अध्यक्षता जिला उपप्रधान महेंद्र माडोतिया ने की, जबकि संचालन दिनेश पाली ने किया। विभिन्न ब्लॉकों और गांवों से पहुंचे कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित कर आंदोलन को समर्थन दिया।

Related Articles

Back to top button