पानी की मोटर चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
अपराध शाखा सेक्टर-85 की कार्रवाई, चोरीशुदा मोटर बरामद
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सेक्टर-7 स्थित एक मकान से पानी की मोटर चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित, रक्षाराम तथा रोहित उर्फ वीरु के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बब्लू ने शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-7 स्थित एक मकान का देखरेख करने वाला कर्मचारी है। 17 मई को अज्ञात व्यक्ति मकान से पानी की मोटर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। वारदात वाले दिन रोहित दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसा था, जबकि रक्षाराम और रोहित उर्फ वीरु बाहर मोटरसाइकिल पर खड़े थे। चोरी करने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर बरामद कर ली है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल रक्षाराम की बताई गई है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




