फोन हैक कर 93 हजार की साइबर ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने जयपुर से खाताधारक को दबोचा
साइबर थाना NIT की बड़ी कार्रवाई, आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
भावना कौशिश,फरीदाबाद । साइबर अपराध का एक और मामला सामने आया है, जहां फोन हैक कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 93 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने राजस्थान के जयपुर से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र कुमार मीणा (28) निवासी सुमन एंक्लेव, जयपुर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, NIT फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल 2026 को उसका फोन हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 93 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक डिटेल्स के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी योगेंद्र कुमार मीणा खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया था। ठगी की रकम इसी खाते में ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बीए पास है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की राशि कहां-कहां ट्रांसफर की गई। साइबर थाना NIT की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।




