वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर महिला से 1.14 लाख की साइबर ठगी, राजस्थान से खाताधारक गिरफ्तार
टेलीग्राम टास्क के जरिए कराया निवेश, NYE वॉलेट में आए थे ठगी के 43 हजार रुपये; आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर
भावना कौशिश,फरीदाबाद। वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर टेलीग्राम टास्क के माध्यम से महिला से 1,14,794 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार (21) निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना NIT क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि कुछ लोगों ने उसे वर्क फ्रॉम होम का ऑफर देकर संपर्क किया। इसके बाद टेलीग्राम के जरिए उसे अलग-अलग टास्क दिए गए और अधिक मुनाफे का लालच देकर कई खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। आरोपियों ने महिला से कुल 1,14,794 रुपये ठग लिए।
जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपियों ने उसे ब्लॉक कर दिया। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वॉलेट होल्डर है और उसके NYE वॉलेट में ठगी के 43 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी बी.ए. पास बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उससे मामले में अन्य आरोपियों और ठगी नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।




