फरीदाबाद में GST चोरी पर बड़ी कार्रवाई: CM फ्लाइंग ने 19 कमर्शियल वाहन पकड़े, जांच के लिए GST विभाग को सौंपे

दिल्ली से परचून का सामान लेकर यूपी, एमपी समेत अन्य राज्यों जा रहे थे वाहन, बिना बिल सामान ले जाने और GST चोरी का था संदेह

भावना कौशिश,फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (CM Flying) फरीदाबाद ने GST चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 कमर्शियल वाहनों को पकड़कर GST विभाग के हवाले किया है। यह कार्रवाई मंगलवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस चौकी सीकरी नाका पर की गई।

मुख्यमंत्री उड़न दस्ता को सूचना मिली थी कि दिल्ली से परचून एवं अन्य सामान लेकर कई वाहन फरीदाबाद के रास्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाते हैं। इनमें से कुछ वाहन बिना वैध बिलों के सामान का परिवहन कर GST चोरी कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर CM फ्लाइंग की टीम ने सुबह के समय सीकरी नाका पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान HR73-B-7685, MP17HH-9917 और RJ11-GB-9323 समेत कुल 19 कमर्शियल वाहनों को GST चोरी के संदेह में रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान GST विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया और वाहन चालकों द्वारा प्रस्तुत किए गए बिलों व दस्तावेजों की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच के बाद सभी 19 वाहनों को GST विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार सभी वाहनों के चालान किए गए हैं। अब वाहनों में लदे सामान का भौतिक सत्यापन कर बिलों से मिलान किया जाएगा। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार जुर्माना लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CM फ्लाइंग की इस कार्रवाई को GST चोरी रोकने और राजस्व हानि पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button