ओयो होटल में घुसकर मारपीट और लूटपाट मामले में दो और गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

मुख्य आरोपी वंश के साथी निकले दोनों युवक, सेक्टर-37 स्थित होटल में हुई वारदात के दौरान बाहर खड़े होकर कर रहे थे निगरानी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। सेक्टर-37 स्थित ओयो होटल में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष उर्फ ईका और सेतू, निवासी शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को 2 जून को दयालबाग रोड, लकड़पुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मुख्य आरोपी वंश के साथी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वंश अपने साथ हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए इन्हें सेक्टर-37 स्थित ओयो होटल लेकर गया था। वारदात के दौरान मनीष और सेतू होटल के बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे, जबकि वंश और उसके अन्य साथी होटल के अंदर घुसकर मारपीट कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी वंश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल 6 दिन के पुलिस रिमांड पर है। उससे पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि 19 मई को करीब 10 से 15 युवक पाइप और डंडों से लैस होकर सेक्टर-37 स्थित एक ओयो होटल में घुस गए थे। आरोपियों ने होटल कर्मचारियों और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की तथा होटल के कमरे में रखा एक आईफोन और बैग में रखे 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।

इस मामले में सेक्टर-37 निवासी एक महिला की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में लूट, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button