फरीदाबाद में महिला उद्यमिता को मिला नया मंच, जिमखाना क्लब में सजी भव्य प्रदर्शनी
TFLSAC के आयोजन में 40 महिला उद्यमियों ने प्रदर्शित किए अपने उत्पाद, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने किया शुभारंभ
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित जिमखाना क्लब में द फ़्रीडम लाइफस्टाइल अकादमी एंड कम्युनिटी (TFLSAC) द्वारा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य प्रदर्शनी एवं नेटवर्किंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 40 महिला उद्यमियों ने भाग लेते हुए अपने नवाचार, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर TFLSAC एवं छत्रपति ग्रुप की अध्यक्ष मंजू सिंह तथा डी.सी. मॉडल स्कूल, सेक्टर-9 की प्राचार्या डॉ. आस्था गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
प्रदर्शनी में महिला उद्यमियों ने हस्तनिर्मित आभूषण, ऑर्गेनिक साबुन, ब्यूटी एवं स्किनकेयर उत्पाद, परिधान, होम डेकोर और अन्य उपयोगी उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया। प्रत्येक स्टॉल महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और उद्यमशीलता की मिसाल बनकर सामने आया।
आयोजकों ने बताया कि TFLSAC केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत अभियान है। इसकी शुरुआत फरीदाबाद से हुई थी, जो अब देशभर में महिलाओं को जोड़ते हुए उन्हें व्यवसाय बढ़ाने, नेटवर्किंग करने और नए अवसरों तक पहुंचने का मंच उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम की सफलता से उत्साहित संस्था अब अपने अगले राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की तैयारी कर रही है। 11 जुलाई को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम में 250 से अधिक महिला उद्यमियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों का कहना है कि TFLSAC का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सफल उद्यमी बनाना है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।




