राजीव नगर में फरीदाबाद पुलिस का जागरूकता अभियान, 500 से अधिक नागरिकों को किया जागरूक

वीडियो वैन के माध्यम से साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति, ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम और यातायात नियमों की दी जानकारी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा आमजन को सुरक्षा, कानून व्यवस्था और विभिन्न जनहित सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद और थाना सेक्टर-31 की संयुक्त टीम ने राजीव नगर में एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सराय संदीप मोर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और समाज को नशामुक्त बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही हरियाणा पुलिस की ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम (TMS) सेवा की उपयोगिता और महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। लोगों को बताया गया कि ट्रैफिक सिग्नल और रोड साइन का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इसके अलावा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और बाल विवाह निषेध अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। उपस्थित लोगों को कानूनों की जानकारी देकर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

थाना सेक्टर-31 के प्रभारी निरीक्षक दिलबाग ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतने की अपील की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कार्यक्रम में वीडियो वैन के माध्यम से साइबर फ्रॉड, ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम, नशा मुक्ति अभियान और यातायात नियमों पर आधारित लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं, जिन्हें लोगों ने रुचि के साथ देखा।

सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने नागरिकों को हरियाणा पुलिस की विभिन्न सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें आपातकालीन सेवा डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन-1033 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 शामिल हैं। साथ ही नशे से संबंधित शिकायत एवं सूचना देने के लिए MANAS ऐप के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

पुलिस के अनुसार इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लगभग 500 नागरिकों को विभिन्न सामाजिक, कानूनी और सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

Related Articles

Back to top button