प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बल्लभगढ़ में विशेष यज्ञ-हवन, राष्ट्र की समृद्धि और खुशहाली की कामना
पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में माता पथवारी मंदिर में हुआ आयोजन, भाजपा कार्यकर्ताओं व शहरवासियों ने दी आहुति
भावना कौशिश,फरीदाबाद। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बल्लभगढ़ स्थित प्राचीन माता पथवारी मंदिर में विशेष यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा के पूर्व मंत्रिमंडल मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशहाली के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। यज्ञ-हवन में क्षेत्र के पार्षदों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे देश नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हुआ है।
यज्ञ-हवन के दौरान पूरा मंदिर परिसर धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।




