256 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच DLF की बड़ी कार्रवाई

डबुआ क्षेत्र से दबोचा गया नशा तस्कर, पहले भी NDPS एक्ट के 5 मामलों में रह चुका है शामिल

भावना कौशिश,फरीदाबाद, 10 जून। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 256 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलीप कुमार निवासी पिगांव, मथुरा तथा वर्तमान निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 9 जून को क्राइम ब्रांच DLF की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी डबुआ क्षेत्र में गांजा लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से 256 ग्राम गांजा बरामद किया।

आरोपी के खिलाफ थाना डबुआ में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिल्ली के सदर बाजार से 3 हजार रुपये में 500 ग्राम गांजा खरीदकर लाया था। बरामदगी से पहले वह कुछ मात्रा में गांजा बेच भी चुका था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी पांच मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button