बल्लभगढ़ में 50 साल पुराने मकान का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला
आजाद नगर तिरखा कॉलोनी में जर्जर भवन सड़क पर गिरा, धमाके जैसी आवाज से दहशत; संपत्ति विवाद के चलते वर्षों से बंद पड़ा था मकान
भावना कौशिश,फरीदाबाद। लगातार हो रही बारिश के बीच बल्लभगढ़ के आजाद नगर तिरखा कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शाम करीब 6 बजे एक पुराने और जर्जर मकान का आगे का हिस्सा अचानक भरभराकर सड़क की ओर गिर गया। घटना के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
गनीमत रही कि जिस समय मकान का हिस्सा गिरा, उस समय गली में कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था। यदि वहां कोई राहगीर गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान करीब 40 से 50 साल पुराना है और दो भाइयों लेखराज तथा लक्कू की संपत्ति बताया जा रहा है। दोनों के बीच इस मकान को लेकर लंबे समय से न्यायालय में विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में लंबित होने के कारण मकान वर्षों से बंद पड़ा था और इसमें कोई निवास नहीं कर रहा था। देखरेख के अभाव और भवन के अत्यधिक पुराने होने के कारण इसकी हालत लगातार जर्जर होती चली गई।
कॉलोनी निवासी सुखबीर ने बताया कि शाम को अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग बाहर निकले तो देखा कि मकान का अगला हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर चुका था। मलबा सड़क पर फैल जाने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बल्लभगढ़ शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद अन्य जर्जर और खतरनाक भवनों का सर्वे कराया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




