अवैध देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच सेंट्रल की कार्रवाई, आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने एक युवक को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान (26), निवासी गांव सिरोही, धौज, जिला फरीदाबाद के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि रिजवान नामक युवक अवैध हथियार के साथ कैली बाईपास के पास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और उसने यह देसी कट्टा करीब 5,000 रुपये में पलवल के किसी व्यक्ति से खरीदा था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के कुल चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हथियार के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button