फरीदाबाद: वेतन में देरी से भड़के कर्मचारी, कंपनी गेट पर प्रदर्शन कर नियमित भुगतान की मांग
सेक्टर-24 स्थित कंपनी के कर्मचारियों का आरोप—दो माह से किस्तों में मिल रही सैलरी, आर्थिक संकट गहराया; प्रबंधन की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
भावना कौशिश,फरीदाबाद। सेक्टर-24 स्थित एक निजी कंपनी में समय पर वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सोमवार को कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने काम पर जाने के बजाय गेट पर एकत्र होकर अपना विरोध दर्ज कराया और वेतन का नियमित एवं एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से उन्हें पूरा वेतन एक साथ नहीं दिया जा रहा, बल्कि किस्तों में भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि कंपनी की इस व्यवस्था के कारण उन्हें घरेलू खर्च और अन्य वित्तीय जिम्मेदारियों को पूरा करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत सूरज ने बताया कि कर्मचारियों को आधा-आधा वेतन दिया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक योजना पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एचआर विभाग से बातचीत की गई, लेकिन कर्मचारियों को कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला। केवल कंपनी का सहयोग करने की बात कही गई है।
महिला कर्मचारी भारती ने बताया कि पूरा महीना काम करने के बावजूद वेतन का आंशिक भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्कूल फीस, राशन और अन्य जरूरी खर्च समय पर चुकाने होते हैं, ऐसे में किस्तों में वेतन मिलने से परिवार का बजट बिगड़ रहा है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि भविष्य में वेतन का भुगतान निर्धारित समय पर और एकमुश्त किया जाए। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। फिलहाल इस पूरे मामले पर कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




