साईं धाम रोड लूटकांड का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
गाड़ी चालक से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले मामा-भांजा समेत तीन आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े
भावना कौशिश,फरीदाबाद। थाना खेड़ीपुल क्षेत्र स्थित साईं धाम रोड पर गाड़ी चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र (26), निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी बिहारी मार्केट सेक्टर-85, राहुल (19) और विकास (20), निवासी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-79 निवासी एक व्यक्ति ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24/25 मई की रात वह एसजीएम नगर स्थित अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहा था। जब वह साईं धाम रोड पर पहुंचा तो तीन स्कूटी सवार युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे स्कूटी लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा गाड़ी के डैशबोर्ड में रखे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र और राहुल आपस में मामा-भांजा हैं, जबकि विकास राहुल का दोस्त है। राहुल और विकास अलीगढ़ से अपने मामा नरेंद्र के पास सेक्टर-85 आए हुए थे। नरेंद्र सेक्टर-85 में पनीर की दुकान चलाता है।
घटना वाली रात तीनों आरोपी अकॉर्ड अस्पताल के पास स्थित एक होटल में पराठे खा रहे थे। वहीं शिकायतकर्ता भी खाना खाकर अपनी गाड़ी से घर के लिए निकला था। आरोपियों ने वहीं से उसका पीछा करना शुरू कर दिया और साईं धाम रोड पर पहुंचने के बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी नरेंद्र की थी, जिसे वही चला रहा था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान मामले में आगे की पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी।




