फरीदाबाद में तेज रफ्तार क्रेटा कार का कहर, डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर

भागने की कोशिश में डिवाइडर से टकराई कार; युवक घायल, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-14 क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार क्रेटा कार की लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया। कार ने पहले एक डिलीवरी बॉय की इलेक्ट्रिक स्कूटी को टक्कर मार दी और इसके बाद अनियंत्रित होकर सेक्टर-14 के मुख्य प्रवेश द्वार के पास बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जबकि कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

रात करीब 11:30 बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि एक क्रेटा कार सेक्टर-16 और सेक्टर-17 की ओर से तेज रफ्तार में सेक्टर-14 की तरफ आ रही थी। इसी दौरान दीपू नामक डिलीवरी बॉय अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर खाद्य सामग्री की डिलीवरी लेकर सेक्टर-16 से सेक्टर-4 की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रही कार ने स्कूटी को साइड से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दीपू सड़क पर गिर गया और उसे चोटें आईं।

टक्कर के बाद भागने का प्रयास

घायल डिलीवरी बॉय दीपू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। उसके अनुसार कार करीब 150 से 200 मीटर तक आगे बढ़ी, लेकिन तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सेक्टर-14 के मुख्य गेट के पास बने डिवाइडर से जा टकराया।

डिवाइडर से टकराने के बाद कार पूरी तरह रुक गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के सभी एयरबैग खुल गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

चालक पर लगाए गंभीर आरोप

घायल दीपू का आरोप है कि कार चला रहा युवक कुनाल नाम का है। उसका कहना है कि हादसे के बाद चालक अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय अलग-अलग दावे कर रहा था। कभी वह कह रहा था कि डिलीवरी बॉय स्वयं गिर गया, तो कभी अपनी आंखों से कम दिखाई देने की बात कहकर बचाव करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस कर रही जांच

मामले की जांच कर रहे सेक्टर-14 चौकी के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से जानकारी ली है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button