फरीदाबाद में 12वीं की छात्रा ने आगरा नहर में लगाई छलांग, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
शादी से इनकार के बाद तनाव में होने की आशंका, देर रात नहर में कूदने के बाद पुलिस और राहत टीम तलाश में जुटी
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवती ने सोमवार देर रात आगरा नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और बाद में SDRF की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रात में युवती का कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद मंगलवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान चौहान कॉलोनी, गली नंबर-5 निवासी संध्या के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा पास करने के बाद पिछले करीब डेढ़ साल से घर पर रहकर कपड़ों की कढ़ाई का काम कर रही थी।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले संध्या का रिश्ता तय किया गया था, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थी। पिता का कहना है कि संभवतः वह इसी बात को लेकर मानसिक दबाव में थी। सोमवार शाम दादी को खाना देने के बाद वह अचानक घर से निकल गई और कुछ ही देर बाद आगरा नहर में छलांग लगा दी।
घटनास्थल के पास मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सौरभ ने बताया कि युवती पैदल नहर तक पहुंची, कुछ देर किनारे खड़ी रही और फिर अचानक पानी में कूद गई। रात का समय होने के कारण मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने में असमर्थ रहे।
सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बाद में SDRF को बुलाया गया, जो लगातार नहर में युवती की तलाश कर रही है।
पल्ला थाना प्रभारी सत्या प्रकाश ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवती के नहर में छलांग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है और परिजनों से पूछताछ जारी है।




