दोस्ती नहीं की तो किया जानलेवा वार, फरीदाबाद में सनकी आशिक की करतूत
ड्यूटी पर जाते समय रास्ता रोककर किया हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज; गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कथित तौर पर एक युवक ने प्रेम-संबंध बनाने से इनकार करने पर एक विवाहित महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, धीरज नगर निवासी पीड़िता सराय ख्वाजा मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के लूमामऊ गांव निवासी भैय्या लाल से हुई थी। दोनों की मुलाकात उस समय हुई थी जब आरोपी उसके घर वाहन बुकिंग के सिलसिले में आया था।
पीड़िता का आरोप है कि पिछले सात-आठ महीनों से आरोपी उस पर प्रेम-संबंध बनाने का लगातार दबाव बना रहा था। उसने कई बार आरोपी को स्पष्ट रूप से बताया कि वह विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं, लेकिन इसके बावजूद वह उसका पीछा करता रहा और बार-बार संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
ड्यूटी पर जाते समय रोका रास्ता
शिकायत के अनुसार, 30 जून की सुबह करीब नौ बजे महिला एतमादपुर पुल के पास ड्यूटी पर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने मोटरसाइकिल से महिला को टक्कर मारने का भी प्रयास किया।
इसके बाद आरोपी ने महिला पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने कथित तौर पर मारपीट की, पेट में लात मारी और फिर चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी फरार
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



