सेक्टर-12 कोर्ट परिसर में भीषण आग: वकील का चैंबर जलकर खाक, अहम कानूनी फाइलें राख

चैंबर नंबर-55 में शॉर्ट सर्किट और एसी फटने से आग लगने की आशंका; दमकल के पहुंचने से पहले वकीलों ने बाल्टियों से बुझाई लपटें

भावना कौशिश,फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चैंबर बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक अधिवक्ता के चैंबर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे चैंबर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा फर्नीचर, महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना चैंबर बिल्डिंग के चैंबर नंबर-55 में हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट और एयर कंडीशनर (एसी) में विस्फोट होना माना जा रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण चैंबर में रखी केस फाइलें, कानूनी दस्तावेज और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड पूरी तरह नष्ट हो गए।

घटना के समय कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल विभाग के पहुंचने में देरी होने पर वकीलों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, ताकि आग आसपास के अन्य चैंबरों तक न फैल सके।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के चैंबरों को सुरक्षित बचा लिया गया।

गनीमत रही कि हादसे के समय चैंबर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेजों और रिकॉर्ड के जल जाने से अधिवक्ता को भारी आर्थिक और पेशेवर नुकसान होने की आशंका है।

फिलहाल संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस घटना ने कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं ने अदालत परिसर में अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने तथा नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button