बांसुरी स्वराज बोलीं- दिल्ली की सातों सीट जीतेगी भाजपा, ‘आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं पड़ेगा’

लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सबसे कम उम्र की प्रत्याशी बांसुरी स्वराज का कहना है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन ‘स्वार्थ’ पर आधारित है और इसका उनकी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वह राजधानी की सातों लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगी।

आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं
दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी ने एक साक्षात्कार में कहा कि ‘अबकी बार 400 पार’ केवल नारा नहीं है बल्कि एक संकल्प है जिसे समर्पित भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के समर्थन से वास्तविकता में बदला जाएगा। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने कहा, ‘‘दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं होगा। हम बहुत सकारात्मक अभियान चला रहे हैं और 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ लोगों के बीच जा रहे हैं।”

मोदी सरकार ने सभी वादे पूरे किए
उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी सरकार ने जो कहा,वह किया। घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए गए, चाहे अनुच्छेद 370 को हटाना हो, राम मंदिर का निर्माण हो या संसद एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए कानून लाना हो।” दिल्ली में इस बार भाजपा ने दो महिला उम्मीदवारों को उतारा है। पार्टी राजधानी की सभी सात सीटों पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए प्रयास कर रही है।

लोगों का भरपूर स्नेह मिल रहा- बांसुरी
बांसुरी ने कहा, ‘‘जब स्वार्थ की राजनीति होती है तो राष्ट्रधर्म और राजधर्म दोनों की ही बलि चढ़ाई जाती है। इसलिए यह गठबंधन नहीं चल जाएगा।” दिल्ली में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के समझौते के तहत नई दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा है। बांसुरी स्वराज ने कहा कि उन्हें नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में प्रचार करते समय लोगों का भरपूर स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें मंच पर बैठना और भाषण देना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इसके बजाय मुझे लोगों के बीच जाना और उनसे बात करना पसंद है।”

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button