पत्नी की हत्या कर हादसा दिखाने की रची साजिश, फरार पति वृंदावन से गिरफ्तार

बहन के घर जाने को लेकर हुआ था विवाद, गला दबाकर की हत्या; शव को बाथरूम में रखकर हादसे का रूप देने की कोशिश

भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में महिला की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित निवासी न्यू प्रियंका कैंप, मदनपुर (दिल्ली) और वर्तमान निवासी पंचशील कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को वृंदावन से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अमित और उसकी पत्नी नेहा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। नेहा अक्सर दिल्ली के अशोक विहार में रहने वाली अपनी बहन के घर चली जाती थी और कई दिनों तक वहीं रहती थी। इस बात को लेकर अमित नाराज रहता था और उसने कई बार पत्नी को वहां जाने से मना भी किया था।

25 जून को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अमित ने नेहा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा साबित करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, उसने नेहा के शव को बाथरूम में ले जाकर उसका सिर पानी में डुबो दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 25 जून को हुई इस घटना के बाद मृतका के पिता विजय प्रसाद, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), की शिकायत पर 26 जून को थाना पल्ला में आरोपी पति अमित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा डीएलएफ की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। आखिरकार 1 जुलाई को उसे वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या से जुड़े सभी पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button