इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर मोटे मुनाफे का लालच देकर ₹4.49 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक गिरफ्तार
साइबर थाना NIT की कार्रवाई, बदायूं से आरोपी दबोचा, ठगी में इस्तेमाल हुआ बैंक खाता
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर ठगों और उन्हें बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना NIT की टीम ने इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर निवेश के नाम पर ₹4,49,000 की ठगी के मामले में एक खाताधारक को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिसाल गुप्ता निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश हाल निवासी गांव सिसौरा, जिला बदायूं के रूप में हुई है। आरोपी बदायूं में कार ड्राइवरी का काम करता है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “Apick Prime” इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ बताते हुए निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया।
ठगों ने शिकायतकर्ता के मोबाइल में Apick Prime एप डाउनलोड करवाई और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से अपने बताए बैंक खातों में कुल ₹4,49,000 निवेश करवा लिए। निवेश के बाद शिकायतकर्ता को न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रिसाल गुप्ता ने अपना बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में पता चला कि उक्त खाते में ठगी से जुड़े ₹49,000 ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




