सरकारी विभागों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएगा आयुष विभाग
स्वस्थ और तनावमुक्त कार्य संस्कृति बनाने की पहल, अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा योग, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण
भावना कौशिश,फरीदाबाद, 31 मई। जिले में योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आयुष विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। विभाग द्वारा चरणबद्ध तरीके से सभी सरकारी विभागों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मोनिशा लांबा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव, थकान और जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपना सकता है।
वहीं जिला नोडल अधिकारी (योग) डॉ. सूरज भान ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के सभी सरकारी विभागों में विशेष योग प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा योगासन, प्राणायाम और ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक कर्मचारी योग के लाभों को समझकर अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकें।
आयुष विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने और कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग का लक्ष्य योग के माध्यम से स्वस्थ, तनावमुक्त और कार्यकुशल कार्य वातावरण का निर्माण करना है।




