फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
सेक्टर-56 अपराध शाखा ने 272 ग्राम कमर्शियल मात्रा में स्मैक की बरामद, उत्तर प्रदेश से दिल्ली सप्लाई करने आया था आरोपी
भावना कौशिश,फरीदाबाद। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कमर्शियल मात्रा में 272 ग्राम स्मैक बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर शाह (22) निवासी उदयपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 जून की रात अपराध शाखा सेक्टर-56 को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-37 बाईपास रोड स्थित श्मशान घाट के पास एक युवक भारी मात्रा में अवैध नशे के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और आरोपी को काबू कर लिया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 272 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश से बस के जरिए स्मैक लेकर फरीदाबाद पहुंचा था और इसे दिल्ली में सप्लाई करना था। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये मिलने थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि नशे की खेप किसने भेजी थी और इसे दिल्ली में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।




