नंबर प्लेट नियम तोड़ने वालों पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई

फरीदाबाद में एक सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान 2315 वाहनों के काटे गए चालान

भावना कौशिश,फरीदाबाद ।  यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस फरीदाबाद ने बिना नंबर प्लेट और गलत पैटर्न की नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक सप्ताह में 2315 चालान किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस महानिदेशक कार्यालय के निर्देश पर 18 मई से 24 मई तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना नंबर प्लेट, टूटी-फूटी प्लेट और नियमों के विपरीत डिजाइन की नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना था।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न चौकों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 18 मई को 469, 19 मई को 416, 20 मई को 389, 21 मई को 300, 22 मई को 230, 23 मई को 319 और 24 मई को 192 वाहनों के चालान किए गए। इस प्रकार कुल 2315 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई वाहन चालक जानबूझकर नंबर प्लेट के नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे अपराध की स्थिति में वाहनों की पहचान करने में दिक्कत आती है। ऐसे में यह अभियान सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।

यातायात पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लगाएं, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button