जीजा-साले का खूनी विवाद: बहन को छोड़ने की धमकी बनी हत्या की वजह
दुर्गा बिल्डर क्षेत्र की सनसनीखेज वारदात; 22 वर्षीय जब्बार पर किए कई वार, पत्नी की शिकायत के बाद खुला राज, आरोपी नाबालिग बाल सुधार गृह भेजा गया
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के दुर्गा बिल्डर क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक नाबालिग साले ने अपने ही जीजा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी बहन को कथित तौर पर छोड़ने की धमकी देने से नाराज था और इसी गुस्से में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय जब्बार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले जब्बार को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पर चाकू के कई गहरे घाव पाए गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पत्नी की शिकायत से खुला हत्या का राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों से पूछताछ की। पत्नी की शिकायत और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का नाबालिग साला ही था।
बहन को छोड़ने की धमकी से था नाराज
पुलिस पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने बताया कि उसका जीजा अक्सर उसकी बहन को छोड़ने की धमकी देता था। इस बात को लेकर वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान और नाराज था। घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गुस्से में उसने चाकू से कई वार कर अपने जीजा की हत्या कर दी।
बाल सुधार गृह भेजा गया आरोपी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच पूरी कर ली है और संबंधित कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने और रिश्तों में बढ़ती कटुता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




