चोरी की मोटरसाइकिल सहित आरोपी को अपराध शाखा 56 ने किया गिरफ्तार

फरीदाबाद: पुलिस उपायुक्त अपराध हेमेन्द्र कुमार मीणा के द्वारा चोरी में शामिल आरोपियों की धर-पकड़ के दिए गए दिशा निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा 56 की टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम दीपक है जो पलवल की मुंशीराम कॉलोनी का रहने वाला है। अपराध शाखा की टीम सीकरी नाके पर मौजूद थी कि आरोपी चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा और पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने लगा जिसपर पुलिस टीम को शक हुआ और उन्होंने मौके से ही आरोपी को काबू कर लिया और आरोपी से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे थे परंतु वह कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह मोटरसाइकिल उसने एक सप्ताह पहले ₹8000 में मेवात से खरीदी थी। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 58 में चोरी का सामान खरीदने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया गया। मामले में जांच करने पर पता चला कि यह मोटरसाइकिल एक साल पहले पलवल से चोरी हुई थी जिसका मुकदमा पलवल में दर्ज है। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है वहीं आरोपी को मोटरसाइकिल बेचने वाले की तलाश की जा रही है जिसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button