पुरानी रंजिश में बाप-बेटे पर जानलेवा हमला, क्राइम ब्रांच ने 2 आरोपियों को दबोचा

लाठी-रॉड से हमला कर तोड़े हाथ-पैर, फायरिंग और लूट का भी आरोप; 2 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। नचौली-खेड़ी रोड पर बाप-बेटे पर हुए जानलेवा हमले के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (36) और अमित (26) निवासी गांव ढकोला, फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को 8 जून को सेक्टर-8 स्थित गुरुग्राम कैनाल के पास से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव जसाना निवासी तरुण ने थाना भूपानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून की रात करीब 9 बजे वह अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर नचौली से गांव खेड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीन गाड़ियां उनके पीछे आईं। आरोप है कि एक स्कॉर्पियो से उतरे दीपक ने उन पर फायरिंग की, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

शिकायत के अनुसार इसके बाद दीपक और उसके साथियों ने मिलकर तरुण के पिता पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए और जेब में रखे 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ समय पहले दीपक और शिकायतकर्ता तरुण के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी मारपीट का एक मामला दर्ज है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button