फरीदाबाद में वेतन को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, काम बंद कर जताया विरोध

डिस्पोसेफ हेल्थ एंड लाइफ केयर लिमिटेड के कर्मचारियों ने लगाया अनदेखी का आरोप; पुलिस पर धक्का-मुक्की करने के भी आरोप

भावना कौशिश, फरीदाबाद। सेक्टर-59 स्थित डिस्पोसेफ हेल्थ एंड लाइफ केयर लिमिटेड कंपनी के बाहर गुरुवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर वेतन वृद्धि न करने और पुराने कर्मचारियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने काम बंद कर अपना विरोध जताया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि कई कर्मचारी पिछले 8 से 10 वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें आज भी नए भर्ती कर्मचारियों के बराबर ही वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार सरकार द्वारा तय वेतन वृद्धि का लाभ भी उन्हें नहीं मिल रहा, जिससे बढ़ती महंगाई में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।

कर्मचारी प्रहलाद, देवेंद्र और अन्य कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी मेडिकल उपकरण तैयार करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि वेतन बढ़ाने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर लगभग दो सप्ताह पहले भी प्रदर्शन किया गया था। उस समय कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों को 10 दिनों में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया।

कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें दोबारा प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया गया।

इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने पुलिस पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने के आरोप भी लगाए। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और वेतन में उचित बढ़ोतरी नहीं की जाती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।

Related Articles

Back to top button