फरीदाबाद प्रशासन ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत गांव गोठरा मोहब्ताबाद में किया ग्रामीणों से संवाद 

फरीदाबाद: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फरीदाबाद ने बुधवार की सायं जिला के गांव गोठरा मोहब्ताबाद के सामुदायिक केंद्र में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। एनआईटी विधायक सतीश फ़ागना, डीसी विक्रम सिंह व पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया। इस दौरान गांव के सरपंच जसवीर सिंह मौजूद रहे।

विधायक सतीश फ़ागना ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना चलाई थी चलो गांव की ओर रात्रि प्रवास शिविर ताकि प्रशासन स्वयं आपके द्वार आकर आपकी समस्याएं सुनकर उनका निपटान करें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह का कहना है कि जब तक प्रशासन गांव में आकर नहीं रहेगा वहां की समस्याओं को नहीं समझेगा। उन्होंने कहा कि गांव में जो भी समस्याएं है उनको समयानुसार दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बारात घर, सामुदायिक केंद्र, ट्यूबवेल, सड़के सभी तरह की आमजन की मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया जायेगा।

ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार उनकी जन सुनवाई करने के उद्देय से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखें, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। गांव के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होनी चाहिए। डीसी विक्रम सिंह ने लिंगानुपात सुधार जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को अपने गांव में जीवन्त करके दिखाए और गांव के लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश देने के साथ साथ उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी व्यक्ति द्वारा ड्रग्स बेचे जाने की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते उस पर ठोस कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने भी नशे मुक्तगांव बनाने पर जोर दिया और उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह भी स्वयं अपने बच्चों की निगरानी जरूर रखें, बच्चों को समझाएं कि नशा न केवल शरीर का नाश करता है बल्कि जीवन को तबाह कर देता है। नशा समाज और देश के लिए घातक है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल की गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में एक दूसरे की सुरक्षा को बनाये रखने व आपराधिक गतिविधियों को रोकने में आगे आने की शपथ भी दिलाई गई।  रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की तरफ से सभी का फूल माला पहना और पगड़ी बांधकर अधिकारियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर रात्रि क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया गया। जिसमें डीसी 11 और एमएलए 11 की टीम के बीच मैच खेला गया। परिवार पहचान संबंधी, प्रॉपर्टी आईडी, कॉलोनी में ट्रांसफार्मर लगाने, रोड से अतिक्रमण हटाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई जिनका मौके पर ही निवारण कर दिया गया।

यह रहे मौजूद :
इस अवसर पर कार्यक्रम में एडीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, डीसीपी एनआईटी मकसूद अहमद, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित समस्त ग्रामवासी और सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।  फरीदाबाद प्रशासन ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत गांव पाली में रवींद्र फ़ागना क्रिकेट एकेडमी में रात्रि क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया।

Related Articles

Back to top button