फरीदाबाद की युवती का यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल; बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करते रहे शोषण और वसूली, पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दबिश देकर दबोचा

भावना कौशिश,फरीदाबाद। एक नवयुवती के यौन शोषण और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग के मामले में महिला थाना सेंट्रल और अपराध शाखा सेक्टर-16 की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरियां गांव निवासी कमर राजा से रिश्तेदारी के दौरान हुई थी। आरोप है कि कमर राजा ने युवती का विश्वास जीतकर उसके साथ संबंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और कई बार उसका शारीरिक शोषण किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि मुजफ्फरपुर के मंसूरपुर चमरूआ गांव निवासी मोहम्मद शहनवाज और बथना डीह गांव निवासी सादमान के हाथ कमर राजा का मोबाइल लग गया था। मोबाइल में युवती की वीडियो और संपर्क नंबर मिलने के बाद दोनों ने भी उसे धमकाना शुरू कर दिया।

आरोप है कि दोनों ने युवती को वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी और उससे 50 हजार रुपये की मांग की। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता की शिकायत पर 6 जून को महिला थाना सेंट्रल में पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, जबरन वसूली और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर बिहार में दबिश देकर मुख्य आरोपी कमर राजा को गिरफ्तार किया।

मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने मोहम्मद शहनवाज और सादमान को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर अपराध या यौन शोषण से जुड़े मामलों में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

Back to top button