₹5000 का इनामी बदमाश फरीदाबाद पुलिस के शिकंजे में, महिलाओं को सम्मोहित कर लूटने वाला अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार
अपराध शाखा ऊंचा गांव ने आईएमटी क्षेत्र से दबोचा; चोरी की बाइक पर वारदात की फिराक में घूम रहा था आरोपी, पीछा करने के दौरान फिसलने से हुआ घायल
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹5000 के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश मनजीत उर्फ मंजिया उर्फ शंकर को आईएमटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर वारदात की फिराक में घूम रहा था। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कोतवाली ललितपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा फरीदाबाद जिले में भी उसके खिलाफ 4 से 5 मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं को अपने झांसे और सम्मोहन में लेकर उनके सोने-चांदी के गहने हड़पने जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह आईएमटी क्षेत्र में किसी नई वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा करने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।




