अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस का प्रहार, दो देसी कट्टों सहित दो आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच और अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई, दोनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में जेल

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 6 जून को अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने गाँव फतेहपुर चंदीला निवासी 23 वर्षीय उमेश को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी सहित तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना एनआईटी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने दिल्ली के ओखला निवासी 21 वर्षीय महेश को दशहरा ग्राउंड एनआईटी-3 के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में एसजीएम नगर थाना में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button