नशा तस्करों पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा, महिला समेत 4 गिरफ्तार

राजीव कॉलोनी से 1.610 किलोग्राम गांजा बरामद, हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में लगातार चल रही कॉम्बिंग और सर्चिंग

भावना कौशिश,फरीदाबाद। अवैध नशे और नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 1.610 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपित राजीव कॉलोनी के निवासी हैं, जिसे पुलिस ने नशे के हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में चिन्हित किया हुआ है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी निवासी आकाश को 350 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। वहीं अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने यशपाल को 350 ग्राम गांजा के साथ काबू किया।

इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने राजीव कॉलोनी निवासी सलीम को 480 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। जबकि अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक अन्य मामले में राजीव कॉलोनी की रहने वाली एक महिला को 330 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशे के हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में नियमित रूप से कॉम्बिंग, सर्चिंग, निगरानी और छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 3 जून की सुबह भी अपराध शाखाओं की 10 टीमों ने राजीव कॉलोनी क्षेत्र में विशेष कॉम्बिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए व्यापक जांच की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button