मेट्रोमोनियल ऐप पर दोस्ती, फिर 45 लाख की साइबर ठगी: खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

संगम डॉट कॉम पर महिला बनकर जाल बिछाया, निवेश के नाम पर फरीदाबाद निवासी से ठगे ₹45 लाख; साइबर थाना बल्लभगढ़ की बड़ी कार्रवाई

भावना कौशिश,फरीदाबाद। मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए जान-पहचान बढ़ाकर 45 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष खत्री, गौरव निवासी गौतम कॉलोनी, नरेला (दिल्ली) तथा ऋषभ निवासी कृष्णा कॉलोनी, नरेला (दिल्ली) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 1 जून को नरेला से गिरफ्तार किया। इनमें से आरोपी हर्ष खत्री को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि गौरव और ऋषभ को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-2, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने मेट्रोमोनियल वेबसाइट संगम डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल बनाई हुई थी। इसी दौरान उसकी एक युवती से बातचीत शुरू हुई, जो बाद में फोन और व्हाट्सएप पर भी जारी रही।

कथित महिला ने खुद को एक गेमिंग कंपनी और आईटी कंपनी में कार्यरत बताया। जब शिकायतकर्ता ने परिवार से मिलने की बात कही तो महिला ने विभिन्न बहाने बनाकर मुलाकात टाल दी। इसके बाद उसने ऑनलाइन निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया और एक लिंक साझा कर निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

महिला के झांसे में आकर शिकायतकर्ता अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे ट्रांसफर करता रहा। जब उसने अपनी निवेश राशि निकालने की कोशिश की तो उससे अतिरिक्त 2 लाख रुपये जमा कराने की मांग की गई। इस प्रकार आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कुल 45 लाख रुपये की ठगी कर ली।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों आरोपी नरेला क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऋषभ इस मामले में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते का धारक है। गौरव ने ऋषभ का बैंक खाता लेकर अपने साथी हर्ष को उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी के 1 लाख 85 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस के अनुसार ऋषभ नरेला में कार वॉशिंग का काम करता है, जबकि हर्ष और गौरव निजी कंपनियों में कार्यरत हैं। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान हर्ष से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button