अमृता हॉस्पिटल रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर; ग्रीन बेल्ट में घुसकर पेड़ से टकराई कार

तेज रफ्तार के बीच टायर फटने की आशंका, दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त; पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल रोड पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से चल रही दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार सड़क के बीच बने ग्रीन बेल्ट में जा घुसी और वहां लगे पेड़ों से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान एक कार का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा केवल टायर फटने की वजह से हुआ या किसी वाहन के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आने अथवा ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और अमृता हॉस्पिटल के सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

टक्कर के कारण दोनों कारों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button