जून से खुलेंगे ITI एडमिशन, 2180 सीटों पर होगा दाखिला
जिले के 9 सरकारी ITI संस्थानों में ऑनलाइन होंगे आवेदन, छात्र घर बैठे चुन सकेंगे अपनी पसंदीदा ट्रेड
भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा हासिल करने का शानदार अवसर जल्द शुरू होने जा रहा है। जिले के 9 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 2180 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू की जाएगी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। छात्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विभिन्न ट्रेड, सीटों और कोर्स से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे और घर बैठे आवेदन कर पाएंगे। इससे विद्यार्थियों को लंबी लाइनों और अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी ITI परिसरों में विशेष हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे। यहां विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और ट्रेड चयन से संबंधित सहायता दी जाएगी। विभाग का कहना है कि किसी भी छात्र को आवेदन में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
दाखिले के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी
ITI में आवेदन करने वाले छात्रों के पास आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और परिवार पहचान पत्र (PPP) होना अनिवार्य रहेगा। विभाग ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन शुरू होने से पहले अपने सभी दस्तावेजों की जांच कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो उसे समय रहते ठीक करा लें।
सभी सीटें भरने का लक्ष्य
प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी भगत सिंह ने बताया कि विभाग का लक्ष्य इस बार सभी सीटों को भरना है। इसके लिए सभी ITI प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी।




