मलेरिया और चिकनगुनिया भी पसार रहा पैर, लखनऊ में बढ़ रहा डेंगू का कहर, पिछले 24 घंटे में मिले 38 नए मरीज

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया का कहर थम नहीं रह रहा। जहां पर लगातार डेंगू के मरीज सामने आ रहे है। प्रतिदिन कम से कम 30 से 35 मरीज निकलकर सामने आ रहे है। पिछले 24 घंटे में डेंगू के 38 नए मरीज सामने आए है। वहीं, मलेरिया और चिरनहुनिया का भी प्रकोप बढ़ गया है। हर दूसरे मरीज को वायरल फीवर हो रहा है। इनमें से ज्यादातर मरीज अस्पताल में भर्ती है।

बता दें कि प्रदेश में डेंगू, मलेरिया और वायरल का प्रकोप अब बढ़ रहा है। राजधानी में लगातार डेंगू के मरीज मिल रहे है। हर दिन 30 से 35 मरीज सामने आ रहे है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक डेंगू फैला हुआ है। राजधानी के पॉश इलाकों में डेंगू के मरीज मिल रहे है। सबसे ज्यादा पांच डेंगू पॉजिटिव आलमबाग के चंदरनगर इलाके में मिले। वहीं, हजरतगंज, अलीगंज, आलमबाग, इंदिरानगर, चिनहट, कैसरबाग, चौक, सरोजिनीनगर, बाजार खाला में लगातार डेंगू मरीज मिल रहे है। कुछ मरीज ऐसे है जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बावजूद भी उन्हें तेज बुखार रहता है।
इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे निजी अस्पताल
राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में 800 से ज्यादा बुखार के मरीज भर्ती है। मरीज ज्यादा होने की वजह से अस्पतालों में बेड फुल हो गए है। कई मरीजों में प्लेटलेट्स सामान्य से कम हैं। इन मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाने की नौबत आ रही है। केजीएमयू के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में सामान्य दिनों में 80 से 100 यूनिट प्लेटलेट्स की खपत होती थी, जो अब बढ़कर 200-250 यूनिट पहुंच गई है। लोहिया संस्थान में भी 50-60 यूनिट की खपत है। सिविल, बलरामपुर अस्पताल के ब्लड बैंकों में भी 10-15 यूनिट प्लेटलेट्स की मांग आ रही है। प्राइवेट अस्पताल इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे है।
हाथ पर हाथ धरे बैठा है स्वास्थ्य विभाग
लखनऊ में डेंगू से इतने हालात खराब होने के बाद भी नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। जहां पर सभी 8 जोन में कागजों में रोज फॉगिंग हो रही। लेकिन, फॉगिंग और छिड़काव के दावों पर मरीजों की संख्या भारी पड़ रही है। नगर निगम जहां-जहां मरीज मिल रहे हैं वहां फॉगिंग कराकर खानापूर्ति कर रहा है। राजधानी के ज्यादातर इलाकों में एक बार भी फॉगिंग या छिड़काव नहीं हुआ। फॉगिंग और छिड़काव के लिए नगर निगम में बड़ा बजट और बड़ी टीम लगाई है। जब हालात बेकाबू हो जाते है तभी नगर निगम विभाग जागता है।

लोगों को बरतनी चाहिए सतर्कता
प्रदेश में अब सर्दी का असर दिखना शुरू हो गया और मौसम ठंडा हो गया है। सुबह के समय कोहरा भी पढ़ने लगा और ओस भी पढ़ रही है। इस बदलते मौसम में सभी को सतर्कता बरतनी चाहिए। क्योंकि प्रदेश में वायरल फीवर, डेंगू और मलेरिया जैसी भयानक बीमारियां फैली हुई है। सुबह व शाम को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत है अन्यथा सर्दी-जुकाम व बुखार के शिकार हो सकते हैं। लोगों को अपना विशेष ध्यान रखना चाहिए। तभी बदलते मौसम में बीमारी से बचा जा सकता है।
NEWS SOURCE : punjabkesari




