मनीष सिसोदिया ने किया दावा, ‘दिल्ली का सियासी माहौल केजरीवाल की वापसी का दे रहा संकेत, फिर बनेगी AAP की सरकार’

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि दिल्ली शहर का सियासी माहौल एक बार फिर केजरीवाल की वापसी का संकेत दे रहा है। उन्होंने दावा किया दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को बंपर जीत मिलेगी और केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में जंगपुरा से चुनाव मैदान में उतरे सिसोदिया ने दावा किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग कह रहे हैं कि वह फिर से उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सिसोदिया ने कहा, “दिल्ली में ‘आप’ आराम से सरकार बनाएगी। सीटों की संख्या का अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन सियासी माहौल को देखते हुए यह स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है कि ‘आप’ आराम से सत्ता बरकरार रखने की स्थिति में है। लोग अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।”




