फरीदाबाद में वन विभाग की जमीन पर चला बुलडोजर, नगर निगम ने हटाए अवैध कब्जे

12 जेसीबी मशीनों से झुग्गियां और अवैध पक्के निर्माण ध्वस्त, नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर हुई कार्रवाई; अब होगा पौधारोपण

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद में बुधवार को नगर निगम ने वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जमाई कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में निगम की टीम ने करीब 12 जेसीबी मशीनों की मदद से झुग्गियों और अवैध पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

नगर निगम के लीगल एडवाइजर संदीप आचार्य ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से झुग्गियां और पक्के निर्माण किए गए थे। नियमानुसार सभी कब्जाधारकों को पहले नोटिस जारी किए गए और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके चलते निगम को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि वन क्षेत्र को उसके मूल स्वरूप में पुनः विकसित करना है। कब्जे हटाने के बाद पूरे इलाके से मलबा साफ किया जाएगा और बड़े स्तर पर पौधारोपण कर यहां दोबारा हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका है, लेकिन कुछ लोगों ने दोबारा कब्जा कर लिया था। इस बार निगम ने स्पष्ट किया है कि जमीन की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो। साथ ही पौधारोपण के लिए विशेष टीम का गठन भी कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button