हरियाणा में कांग्रेस सरकार व चौ. भूपेंद्र हुड्डा का मुख्यमंत्री बनना तय : नीरज गुप्ता

Faridabad/Rakesh Kumar : हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता ने प्रदेश की पांच सीटों पर कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दावा किया है कि हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की होगी और चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों की जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौंसले बुलंद है और जनता ने भाजपा को आइना दिखाने का काम किया है। यहां जारी प्रेस बयान में नीरज गुप्ता ने कहा कि हरियाणा की सभी दस सीटें जीतने व देशभर में 400 पार का नारा देने वाली भाजपा को जनता ने साफ तौर पर संदेश दे दिया है कि घमंड का अंत अवश्य होता है और भाजपा के साथ भी ऐसा ही हुआ है। भाजपा ने पिछले चुनाव में 10 सीटें जीती थी लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस ने जनता के सहयोग से अच्छा प्रदर्शन करते हुए भाजपा से पांच सीटें छीन ली है। उन्होंने कांग्रेस को दिए गए अभूतपूर्व सहयोग पर जनता का आभार जताया और कहा कि जनता भाजपा की गलत व तानाशाही नीतियों से परेशान थी। कर्मचारी, किसान, मजदूर सहित हर वर्ग इस सरकार को सबक सिखाने के मूड में था और वही जनता ने कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस पार्टी अब आने वाले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है और इन चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ कर कांग्रेस की सरकार बनेगी और उसके बाद सही मायनों में प्रदेश का समुचित विकास किया जाएगा।




